हाईवे पर बाइक दुर्घटनाग्रस्त, उपचार के बाद लौटा चालक तो गायब मिली बाइक
जिला में बाइक चोरों का आतंक इस कदर है कि चंद मिनटों में ही बाइक गायब हो जाती है। ऐसा ही एक मामला बावल से सामने आया है जहां से चोर ट्रक की टक्कर से दुर्घटनाग्रस्त हुई बाइक को ही चुरा ले गए। दुर्घटना में घायल बाइक चालक उपचार लेने के बाद जब वापस बाइक लेने के लिए आया तो उसे बाइक गायब मिली शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर लिया है।
अलवर जिला के गांव गंडाला माजरी निवासी चंद्रपाल बावल औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में कार्यरत है। पुलिस को दी शिकायत में चंद्रपाल ने बताया कि शुक्रवार को है बाइक से ड्यूटी आ रहा था। जब साबन पुल के पास पहुंचा तभी उसकी बाइक को एक ट्रक चालक ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई और उसको भी चोट लगी। आसपास के लोगों ने दुर्घटना के बाद उसे संभाला और उठाया।
बाद में बाइक वहां स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप खड़ी कर दी थी। तत्पश्चात वह एक व्यक्ति की मदद से बावल सीएचसी में प्राथमिक उपचार कराने चला गया। उपचार के बाद जब वह दुर्घटनास्थल पर आया तो वहां पर उसकी बाइक गायब मिली। आसपास के लोगों से भी मालूम किया लेकिन बाइक के बारे में कोई सुराग नहीं लगा। बाद में पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना करने के बाद चोरी का केस दर्ज कर लिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZAjqjX
कोई टिप्पणी नहीं