रविवार की बजाय मंगलवार को बंद रखे जाएं हेयर सैलून
अखिल भारतीय सैन समाज की जिला इकाई ने मंगलवार को एसडीएम रविन्द्र यादव को ज्ञापन सौंपकर सभी हेयर सैलून को रविवार को खोलने की अनुमति देने की मांग की है। समाज ने इसके स्थान पर मंगलवार को प्रतिष्ठान बंद रखे जाने की बात कही है।
समाज के युवा प्रधान शिवचरण सैन की अध्यक्षता में सौंपे ज्ञापन में सैलून संचालकों ने बताया कि जिला प्रशासन की तरफ से कोविड को देखते हुए सभी दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठान रविवार को बंद रखे जाने के निर्देश दिए हुए हैं। प्रशासन के आदेशों की पालना के तहत सभी बारबर भी अपनी दुकानों को रविवार को बंद रखते हैं। उन्होंने बताया कि अधिकतर बारबार किराए पर दुकान लेकर परिवार का पेट पाल रहे हैं। तीन महीने तक रहे लॉकडाउन की वजह से उनका कामकाज बिल्कुल बंद हो गया है। इन तीन महीनों का किराया भी उनके लिए देना बेहद मुश्किल हो रहा है। ज्ञापन सौंपने वाले सदस्यों ने बताया कि कोविड का खतरा अभी पूरी तरह से टला नहीं है।
जिसको देखते हुए उन्होंने अपनी दुकानों पर तमाम सुरक्षा उपकरणों की भी व्यवस्था की है ताकि किसी भी तरह कोविड का संक्रमण नहीं हो सके। इसकी वजह से उनके खर्चे भी काफी अधिक बढ़ गए हैं। वही कोविड की वजह से पहले की संख्या में जितने ग्राहक भी नहीं आ रहे हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि अधिकतर लोग मंगलवार को कटिंग व शेव नहीं कराते हैं। इस वजह से वह भी अपने प्रतिष्ठान बंद रखने पड़ते हैं, ताकि साप्ताहिक कामकाज निपटाने के साथ उपकरणों को भी साफ किया जा सके। उन्होंने बताया कि रविवार को ग्राहकों की संख्या काफी अच्छी होती है लेकिन प्रशासन के निर्देशों के तहत रविवार को दुकान नहीं खोल सकते हैं, इससे उन्हें बहुत अधिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। सदस्यों ने प्रशासन से अनुरोध किया कि उनके प्रतिष्ठान मंगलवार को बंद रखकर रविवार को उन्हें सैलून खोलने की इजाजत दी जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में युवा सैन समाज के प्रधान शिवचरण सैन, जिला प्रभारी जितेन्द्र सैन, कोषाध्यक्ष जयनारायण, सचिव हनुमान सिंह, ब्लॉक समिति सदस्य मुकेश सैन, लक्की सैन, अमित ठाकुर, जयपाल व जयप्रकाश सैन मौजूद रहे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2O5hIl7
कोई टिप्पणी नहीं