Header Ads

Breaking News

निर्धारित शेड्यूल से तीन दिन बाद आएगी नहर, हो सकता है जलसंकट

https://ift.tt/3gjghf0

जिले की नहरों में गुरुवार 2 जुलाई को पानी आना था, परंतु अब जिले की नहरों में तीन दिन बाद 5 जुलाई को पानी आएगा। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, नारनौल के रेवाड़ी रोड पर स्थित वाटर टैंकों में भी केवल 3 दिन की सप्लाई का पानी बचा है। ऐसे में जिले की नहरों में यदि 5 जुलाई को पानी आ जाता है तो शहर की पेयजल सप्लाई सुचारु बनी रह सकती है, परंतु किन्हीं कारणों से यदि नहरी पानी और लेट हो जाता है तो शहर के 35 प्रतिशत एरिया के लोगों को पेयजल किल्लत झेलनी पड़ सकती है।

जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग नारनौल के रिकार्ड के अनुसार शहर के रेवाड़ी रोड पर स्थित वाटर टैंकों से नारनौल के मोहल्ला माली टिब्बा, जिला क्षय रोग अस्पताल क्षेत्र के साथ लगता एरिया, छिप्पी जोहड़ का एरिया समेत 35 प्रतिशत एरिया में पानी की सप्लाई होती है। शहर के शेष 65 प्रतिशत एरिया में गांव नसीबपुर स्थित वाटर टैंकों के पीने के पानी की सप्लाई दी जाती है। नसीबपुर में तीन-चार महीने पहले एक नया वाटर टैंक चालू कर देने से यहां अभी पर्याप्त मात्रा में पानी का भंडार है। परंतु शहर के रेवाड़ी रोड पर स्थित वाटर टैंकों में केवल 15 दिन की सप्लाई के भंडारण की व्यवस्था है। जिले की नहरों में 14 जून को पानी बंद हो गया था। इस प्रकार नहर में पानी बंद हुए आज 18 दिन हो गए हैं। ऐसे में वाटर टैंकों में अब खींचतान कर 3 दिन की सप्लाई का पानी शेष रह गया है। तीन दिन बाद ही जिले की नहरों में पानी आने की उम्मीद है।

5 जुलाई तक नहर में पानी नहीं पहुंचा तो होगी पेयजल किल्लत

जनस्वास्थ्य विभाग के जेई आनंद शर्मा ने बताया कि शहर के रेवाड़ी रोड स्थित वाटर टैंकों में तीन से चार दिन की सप्लाई का पानी बचा है। जिले की नहरों में गुरुवार को पानी आना था। परंतु अब तीन दिन बाद जिले की नहरों में पानी पहुंचने की उम्मीद है। जेई ने बताया कि अब 3 जुलाई को जिले के लिए पानी छोड़ा जाएगा। जो पांच जुलाई को जिले में पहुंच जाएगा। यदि पांच जुलाई को पानी पहुंच जाता है तो शहर की पेयजल सप्लाई सुचारु बनी रहेगी। अन्यथा शहर के 35 प्रतिशत एरिया के लोगों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ सकता है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2BYiYDS

कोई टिप्पणी नहीं