संक्रमित एडवोकेट की काॅन्टेक्ट हिस्ट्री में शामिल एक और वकील पॉजिटिव मिला, कॉलेज का कर्मी भी चपेट में आया
तहसील में कार्यरत एक अधिवक्ता के संक्रमित मिलने के बाद उनकी काॅन्टेक्ट हिस्ट्री में शामिल लोगों के कोरोना सैंपल लिये गए थे जिनकी रिपोर्ट गुरुवार को आ गई है। इनमें एक और एडवोकेट की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। दूसरी ओर गर्ल्स कॉलेज के सेवादार की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
जानकारी के अनुसार तहसील में करीब 10 एडवोकेट कार्यरत हैं। लोगों की भीड़ रहने की वजह से स्वास्थ्य विभाग द्वारा एडवोकेट व कर्मचारियों के सैंपल लिए गए थे। उस रिपोर्ट में एक वकील संक्रमित मिला था, जिसे होम आइसोलेट करने के बाद कॉन्टेक्ट हिस्ट्री खंगाली गई। साथ ही पड़ोस में काम करने वाले दूसरे वकीलों के सैंपल लिए गए। गुरुवार सुबह मिली रिपोर्ट में लूजोता निवासी एक दूसरा एडवोकेट संक्रमित मिला है। इसके अलावा चौधरी बैजनाथ गर्ल्स कॉलेज में सेवारत एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
सूचना मिलते ही एसएमओ डॉ. अरुण कालरा ने डॉ. अभिषेक सिंघानिया की अगुवाई में टीम गठित की। जिसमें धर्मबीर यादव, एलटी योगेश शर्मा, सचिन कुमार, शीशराम को शामिल किया। उन्होंने पीड़ित वकील को होम आइसोलेट करने के बाद संपर्क में आने वालों को सूचीबद्ध किया। दूसरी ओर कॉलेज में कार्यरत कर्मचारी को नारनौल रेफर कर दिया।
26 लोगों के लिए गए सैंपल
टीम के इंचार्ज डॉ. अभिषेक सिंघानिया ने बताया कि लूजोता वाले संक्रमित एडवोकेट के संपर्क में परिजनों समेत 6 लोग आए हैं। इधर कॉलेज कर्मचारी के कॉन्टेक्ट में 9 स्टाफ सदस्य तथा 9 परिजन शामिल हैं। सभी लोगों के सैंपल लेने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। उन्होंने बताया कि मोहल्ले को कंटेनमेंट घोषित करके बचाव प्रक्रिया आरंभ कर दी है।
मृतक की रिपोर्ट निगेटिव
रविवार सुबह थनवास में एक किडनी रोगी की मृत्यु हो गई थी। कोरोना संक्रमित होने की संभावना के चलते ग्रामीण व परिजनों ने दाहसंस्कार करने से भी इंकार कर दिया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंपल लेने के बाद अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की। गुरुवार को मृतक की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जिससे विभाग व ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31B869T
कोई टिप्पणी नहीं