सरकुलर रोड, बाजार व सार्वजनिक स्थलों पर नप ने रखवाए डस्टबिन, लोगों से सड़कों और फुटपाथों पर गंदगी न फैलाने की अपील
बढ़ते कोरोना संक्रमण को रोकने व शहर में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए प्रशासन के आदेश पर नगरपरिषद बाजारों, सार्वजनिक स्थानों व मुख्य सड़क मार्गों के साथ 200 डस्टबिन रखेगी। ताकि बाजारों व मुख्य मार्गों की फुटपाथों पर लोग गंदगी न फैलाएं। नप ने यह अभियान गुरुवार से शुरू कर दिया है। नगरपरिषद ने गुरुवार को घंटाघर चौक, रेलवे स्टेशन से घंटाघर तक मुख्य मार्ग पर प्लास्टिक के डस्टबिन रखे हैं।
परिषद की तरफ से घंटाघर से हांसी गेट तक, महम गेट, रोहतक गेट, दिनोद गेट आदि सरकुलर मार्ग पर डस्टबिन रखे जाएंगे। इसके अलावा नेहरू पार्क के सामने, चौ. बंसीलाल पार्क के सामने, सराय चौपटा, नया बाजार आदि क्षेत्रों में भी डस्टबिन रखे जाएंगे। साथ ही नप की तरफ से लोगों को सड़क के साथ व पार्कों के बाहर रखे डस्टबिनों का उपयोग करने व खाने पीने के बाद खाली वस्तुओं को सड़कों व फुटपाथों पर न फेंकने के लिए भी जागरूक करेंगे।
उल्लेखनीय है कि बाजारों व मुख्य मार्गों पर डस्टबिन न होने से लोग खाने पीने की वस्तुओं के खाली रेपर आदि सड़कों व फुटपाथों पर खुले में फेंक देते हैं। इससे बाजारों व सड़कों पर दिनभर गंदगी जमा रहती हैं। इसलिए नप ने मुख्य मार्गों व पार्कों के बाहर प्लास्टिक के डस्टबिन स्थापित किए गए हैं।
चेयरमैन ने मांगा सहयोग
चेयरमैन रणसिंह यादव ने बताया कि शहर के सरकुलर रोड, पार्क के सामने व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर डस्टबिन रखवाए जा रहे हैं ताकि लोग सड़कों पर गंदगी न फैलाएं। उन्होंने नगरवासियों से कोरोना महामारी के इस संकट में परिषद व प्रशासन का सहयोग करते हुए डस्टबिन का उपयोग करने, मुंह पर मास्क लगाने व सोशल डिस्टेंस आदि के नियमों की पालना करने की अपील की है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2OaikGb
कोई टिप्पणी नहीं