शहर में जलभराव व सीवरेज समस्या के समाधान का ब्ल्यू प्रिंट तैयार करने के बाद काम शुरू किया जाए
शहर में जलभराव व सीवरेज समस्या के समाधान को लेकर विधायक देवेन्द्र सिंह बबली ने किसान रेस्ट हाउस में जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर चर्चा की। वहीं लोगों की राय भी जानी। इस दौरान विधायक ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का जिक्र करते हुए जल्द से जल्द जलभराव की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस समाधान करने का काम शुरू करने से पहले अधिकारी ब्ल्यू प्रिंट बनाए, जिससे समय व पैसा व्यर्थ न जाए। इस दौरान विधायक ने पिछले समय में शहर के विकास पर खर्च हुए 25 करोड़ रुपये की राशि को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी हर घर में नल व नल में स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति करना सुनिश्चित करें।
बैठक में शहर के चंडीगढ़ रोड, राम नगर एरिया, रतिया रोड, पुरानी सब्जी मंडी, बड़ी हनुमान मूर्ति एरिया में बरसाती पानी की निकासी के अलावा सीवरेज समस्या पर चर्चा की गई। लोगों ने बताया कि बरसात के दिनो में इन एरिया में काफी पानी भर जाता है, जिससे काफी परेशानी होती है। दुकानदारों का कामकाज ठप हो जाता है। समस्या का जल्द से जल्द समाधान होना चाहिए।
डेयरियों की वजह से हो रहे सीवरेज जाम
इस दौरान विधायक देवेंद्र बबली ने कहा कि चंडीगढ़ रोड के पास लगते सैनी मोहल्ला में काफी डेयरियां हैं, डेयरियों का गोबर व अन्य गंदगी सीवरेज में डाला जाता है, जिससे वहां पर सीवरेज ब्लॉक होने की समस्याएं आती रहती है। इसे लेकर विधायक ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से सवाल किया कि ऐसी डेयरियों को लेकर विभाग की ओर से क्या कोई कार्रवाई की गई है। डेयरी वालों को नोटिस जारी किए गए हैं। जब तब इस समस्या पर गंभीरता से काम नहीं होगा, तब तक समस्या का हल नहीं होगा।
25 करोड़ खर्च हुए पर दिखते नहीं : विधायक
विधायक ने बैठक में पिछले कुछ समय में शहर के विकास कार्यों पर 25 करोड़ रुपये खर्च होने का जिक्र करते हुए अधिकारियों से कहा कि यह राशि खर्च जरूर हुई है, लेकिन शहर में कहीं भी दिखाई नहीं देता है कि इतने रुपयों से विकास कार्य हुए हैं। आगे से भी जो भी विकास कार्य हों, ऐसे हों, जिससे विकास महसूस हो। अधिकारियों ने कहा कि जो भी राशि खर्च हुई है, उसका पूरा रिकॉर्ड है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3iyrZnO
कोई टिप्पणी नहीं