अलवर जिले में बेकाबू हो रहा है कोरोना, 61 नए रोगी मिले, सर्वाधिक 44 भिवाड़ी में, अब तक 870
जिले में कोरोना बेकाबू हो रहा है। सोमवार को रिकॉर्ड 91 कोरोना मरीजों के बाद मंगलवार को भी जिले में 61 नए रोगी मिले हैं। इसी के साथ अब जिले में कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 870 हो गई है। मंगलवार को भिवाड़ी में सर्वाधिक 44 रोगी मिले हैं। अलवर शहर में 4, टपूकड़ा में 5, बहरोड़, किशनगढ़बास व तिजारा में 2-2 तथा खेड़ली व खैरथल में 1-1 रोगी मिला है। खेड़ली के भनोखर में संक्रमित मिला 42 वर्षीय व्यक्ति इसी गांव के निवासी एक बैंक मैनेजर का ड्राइवर है। इसे घर में क्वारेंटाइन कर इलाज शुरू किया गया है।
इसके परिवार के 7 लोगों को भी होम क्वारेंटाइन किया गया है। यह जिस बैंक मैनेजर का ड्राइवर है, उसकी पोस्टिंग भरतपुर की पहाड़ी शाखा में है। पिछले दिनों ये मैनेजर भी पॉजिटिव मिले थे। हालांकि मैनेजर स्वस्थ होकर अस्पताल से घर लौट चुके हैं। वहीं बहरोड़ के पुराना बस स्टैंड पर बच्चों व पत्नी के साथ रह रहा नीमराना की डाइकिन कंपनी का ओडिशा निवासी कर्मचारी संक्रमित मिला है। कंपनी में पॉजिटिव केस आने के बाद इसे भी खांसी-जुकाम व बुखार हुआ तो बहरोड़ सीएचसी में 6 जुलाई को इसका सैंपल लिया गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसी तरह उत्तरप्रदेश के मथुरा का रहने वाला एक व्यक्ति भी संक्रमित मिला है। इसने हाईवे मैन चौक पर टायर की दुकान खोल रखी है।
यह 29 जून को मथुरा से बहरोड़ आया था और खांसी-जुकाम व बुखार होने पर सीएचसी में सैंपल दिया था। तिजारा के शेखपुर क्षेत्र के इसरोदा गांव में 5 जुलाई को संक्रमित मिले 36 वर्षीय युवक की 65 वर्षीय मां की रिपोर्ट भी मंगलवार को पॉजिटिव आई है। परिवार के शेष 6 सदस्यों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके अलावा तिजारा कस्बे के वार्ड 14 का 48 वर्षीय व्यक्ति भी संक्रमित मिला है। यह भिवाड़ी की एक कंपनी में काम करता है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31TIZ25
कोई टिप्पणी नहीं