झांसा में युवक मिला कोरोना संक्रमित, कुछ दिन पहले बिहार से लौटा था, अब 54 एक्टिव केस
जिले में कोरोना संक्रमित मिलने की रफ्तार एक बार फिर धीमी पड़ने लगी है। जिससे प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग को भी राहत की सांस मिली। जहां गुरुवार को कोई केस नहीं मिला था। वहीं जिले में शुक्रवार को 48 घंटे बाद कोई नया पॉजिटिव केस मिला। झांसा में एक 20 वर्षीय युवक संक्रमित मिला। जिस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम उसे अपने साथ ले गई। अब तक जिले में 181 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं।
बिहार से लौटा है युवक | जिला सिविल सर्जन डाॅ. सुखबीर सिंह ने शुक्रवार को देर सायं जारी एक हेल्थ बुलेटिन में बताया कि कुरुक्षेत्र के झांसा में एक 20 वर्षीय युवक के सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उक्त युवक कुछ दिन पहले ही बिहार से आया था। इसकी सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उसके सैंपल लेकर जांच को भेजे थे। शुक्रवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। अब उसके संपर्क में आए 4 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। इनकी रिपोर्ट शनिवार शाम तक मिलेगी।
126 जीत चुके जंग | जिले में जहां संक्रमित केस मिलने की रफ्तार फिर से सुस्त पड़ी है। गुरुवार को कोई केस नहीं मिला था। वहीं बुधवार को भी 3 ही केस मिले। अब शुक्रवार को एक केस सामने आया है। हालांकि इस महीने कोरोना के एक तरह से ब्लास्ट भी हो चुके हैं। जुलाई में दो मौके ऐसे आए, जब एक ही दिन में 19 व 17 मामले मिले। जबकि इससे पहले जून अंत में संक्रमित मिलने की रफ्तार घटी थी। एक तरफ जहां संक्रमित केस कम मिल रहे हैं। वहीं जिले में कोरोना के मरीज तेजी से ठीक भी हो रहे हैं। अब तक जिले में 126 मरीज कोरोना को हरा कर अस्पतालों से घर लौट चुके हैं।
14297 हो चुके सैंपल | एक ओर जहां मोबाइल हेल्थ टीमें थर्मल स्क्रीनिंग में लगी हैं। करीब सवा लाख लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग की जा चुकी है। वहीं संदिग्ध केस मिलने पर जांच को नमूने लिए जा रहे हैं। जिले में अब तक 14297 लोगों के नमूने जांच के लिए भेजे गए। अच्छी बात यह है कि इनमें से 13613 की रिपोर्ट निगेटिव मिल चुकी है। हालांकि अभी 503 सैंपलों की रिपोर्ट पेंडिंग है। जिले में अब तक कुल 181 संक्रमित मरीज मिल चुके हैं।
विदेशों से लौटे 204 क्वारेंटाइन
कुरुक्षेत्र जिले में दिसंबर माह से लेकर अब तक कुल 2636 लोग विदेशों से लौट चुके हैं। रोजाना एक दो लोग विदेशों से वापस लौट रहे हैं। हालांकि इनमें से 2349 लोग स्वास्थ्य विभाग की एडवाईजरी के अनुसार अपना क्वारेंटाइन पीरियड पूरा कर चुके हैं। अब 204 व्यक्तियों को होम क्वारेंटाइन किया है। जबकि 83 लोगों को होटल में क्वारेंटाइन किया है। होटल में सात दिनों तक रखा जाता है। इसके बाद उन्हें घर पर ही क्वारेंटाइन किया जा रहा है।
एक्टिव केस घटकर हुए 54
तेजी से मरीजों के ठीक होने के चलते एक्टिव केस भी कम हो रहे हैं। अब जिले में 54 एक्टिव केस हैं। 181 संक्रमित मिले मरीजों में से 126 ठीक होकर घर लौट चुके हैं। अब 8 लोगों को मुलाना मेडिकल काॅलेज, 33 मरीजों को हिरमी कोविड केयर सेंटर, गुरुकुल नीलोखेड़ी करनाल में एक, पीजीआई चंडीगढ में एक मरीज को दाखिल किया है। जबकि एक व्यक्ति घर में आइसोलेट है। वहीं एलएनजेपी में 10 मरीज को दाखिल किए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Cl4Pku
कोई टिप्पणी नहीं