3 गिरफ्तार, चौकी प्रभारी को हटाया, 24 घंटे बाद बनी अंतिम संस्कार की सहमति
खेड़ी जालब हत्याकांड में मृतक के परिजनों और प्रशासन में 24 घंटे बाद अंतिम संस्कार करने की सहमति बनी। बारह खाप की मांग है कि जल्द से जल्द सभी हत्यारे गिरफ्तार किए जाएं। खेड़ी चौकी प्रभारी पर मामला दर्ज कर पूरे स्टाफ का तबादला किया जाए। पुलिस ने इस बीच हत्या के तीन आरोपियों नारनौंद के अनुज व मनदीप तथा बिल्लू बडोली को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को शनिवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
गुरुवार खेड़ी जालब में दर्जनों बदमाशों ने खेड़ी जालब के खेत में ट्रैक्टर चलाकर अवैध कब्जा करना शुरू कर दिया था। जब बलजीत मौके पर पहुंचा तो उसको गोली मार दी थी। जिसके कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हिसार के सामान्य हॉस्पिटल में रख दिया था। लेकिन परिजनों ने शव को लेने से मना कर दिया।
शुक्रवार को सुबह नौ बजे ही मृतक के परिजन व बारह खाप के मौजिज लोग खाप के पूर्व प्रधान सुरेश कोथ की मौजूदगी में हिसार पहुंच गए थे। उन्होंने प्रशासन से कहा की जब तक पुलिस हत्यारों को नहीं पकड़ती और खेड़ी चौकी प्रभारी व अन्य कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं करती, तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाया जाएगा और ना ही उसका शव लिया जाएगा। पांच घंटे तक चली लंबी बातचीत के बाद डीएसपी विनोद शंकर ने आश्वासन दिया कि जल्द से जल्द हत्यारोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
चौकी प्रभारी सहित अन्य स्टाफ की कोई भी कमी पाई गई तो उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उसके बाद ही मृतक के परिजन पोस्टमार्टम करवाने के लिए राजी हुए। उसके बाद तीन डाक्टरों के बोर्ड ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम किया। मृतक की जांघ के पास एक गोली लगी हुई थी जिसके कारण उसकी मृत्यु हो गई थी।
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों के हवाले कर दिया और शाम को गांव में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मृतक बलजीत का अंतिम संस्कार कर दिया गया उसके बाद ही प्रशासन ने राहत की सांस ली। डीएसपी विनोद शंकर ने बताया कि जल्द सभी हत्यारोपियों को पकड़ लिया जाएगा। इस मामले में चौकी प्रभारी सुरेंद्र का तबादला कर दिया गया है। चौकी का अन्य स्टाफ भी शामिल पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2NWYUnW
कोई टिप्पणी नहीं