सेक्टर-19 में एक करोड़ और सेक्टर-20 में 48 लाख रुपए से होंगे विकास कार्य
जुलाई अंत तक सेक्टर-19 और सेक्टर-20 में करोड़ों रुपए के विकास कार्य शुरु होंगे। जिसमें पार्कों की रिपेयर, सीमेंट के बेंच रखना, घरों के आगे नंबर प्लेट, ओपन जिम व पेवर ब्लॉक लगाने समेत अन्य काम होंगे। इसके अलावा शहर के अन्य वार्डों में कम्युनिटी हॉल, गोवंश के लिए शेड, हाइमास्क लाइट भी लगेंगी। इन कामों पर नगर परिषद करीब 2 करोड़ रुपए खर्च करेगी। इन कामों के परिषद ने 15 टेंडर ऑनलाइन किए हैं। ये टेंडर आगामी 14 जुलाई को खुलेंगे। इसके बाद वर्क ऑर्डर देने में 1 सप्ताह का समय लग जाता है।
इसके बाद टेंडर एजेंसी काम आरंभ कर सकती है। बता दें कि लॉकडाउन खुलने के बाद से ही नगर परिषद की ओर से लगातार टेंडर प्रकिया चल रही है। जून माह में ही करीब 20 करोड़ रुपए से अधिक की राशि के टेंडर खुल चुके हैं। जिनके काम शहर में चल रहे हैं। अब भी पार्षदों की डिमांड पर कामों की लिस्ट तैयार की जा रही है। जिसके बाद मौका देख कर टेंडर लगाए जाएंगे।
- सेक्टर-19 में 25 लाख से खुलेगी ओपन जिम, पार्कों की होगी रिपेयर| नगर परिषद से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड 10 के तहत आने वाले सेक्टर-19 पार्ट-टू में ओपन जिम खुलेगी। इससे लोग पार्क में ही सुबह- शाम सैर के साथ-साथ कसरत भी कर सकेंगे। ओपन जिम पर करीब 25 लाख रुपए खर्च होंगे। ओपन जिम खुलने से जो लोग जिम में नहीं जाना चाहते या जा नहीं सकते, उनके लिए फायदेमंद होगी। इससे आम आदमी का पैसा भी बचेगा। पार्षद पूजा अग्रवाल ने बताया कि सेक्टर वासियों की डिमांड थी कि यहां ओपन जिम खुलवाई जाए, जो अब जल्द ही पूरी हो जाएगी। इसके अलावा सेक्टर की मार्केट में 20 लाख रुपए से पेवर ब्लॉक लगेंगे और रिपेयर का काम होगा। इसके अलावा करीब 25 लाख से रिपेयर वर्क होंगे।
- सेक्टर-19 में लगेंगे नंबर प्लेट, ताकि घर खोजने में रहे आसानी | सेक्टर-19 में हाउस नंबर प्लेट लगेंगी। इस पर करीब 10 लाख रुपए खर्च होंगे। नंबर प्लेट लग जाने पर बाहर से आने वाले लोगों को किसी का भी घर खोजने में आसानी होगी। इसकी भी काफी दिनों से मांग की जा रही थी। हूडा वेल्फेयर एसोसिएशन के उप प्रधान भीम सेन अग्रवाल ने बताया कि सेक्टर में 20 लाख रुपए से गजीबो बनेगा और सीमेंट के बैंच भी रखे जाएंगे।
- 50 लाख से सेक्टर-20 में पार्कों का होगा सुधारीकरण, रखे जाएंगे बैंच, पेवर ब्लॉक लगेंगे | करीब 18 लाख रुपए से सेक्टर-20 में पार्कों का सुधारीकरण होगा। अभी तक लोगों की शिकायत थी कि पार्कों को मेंटेन नहीं रखा जा रहा है। जिस कारण लोग पार्कों में नहीं जाते हैं। अब इन्हें ठीक किया जाएगा। पार्षद रमा मित्तल ने बताया कि इसके अलावा वार्ड में 5 लाख रुपए से सीमेंट के बेंच रखे जाएंगे। ताऊ देवी लाल पार्क के आस-पास एरिया में 20 लाख रुपए से पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे। सेक्टर में हाउस नंबर 548 के पास गजीबो की रिपेयर होगी और कुछ नया निर्माण होगा। इस पर 5 लाख रुपए खर्च होंगे।
नंदी गाेशाला में 25 लाख से बनेगा शेड | कपिस्थल नंदी गाेशाला में गोवंश के लिए शेड का निर्माण किया जाएगा। इस काम पर करीब 25 लाख रुपए खर्च होंगे। अभी काफी गोवंश खुले आसमान के नीचे खड़ा होता है। 2 महीने बाद ठंड का मौसम शुरू हो जाएगा। ऐसे में गायों को शेड की जरुरत होगी। इसके अलावा बरसात व धूप से बचाने के लिए भी शेड चाहिए। बता दें कि नंदीशाला में एक हजार के करीब गोवंश की देखभाल की जा रही है।
वार्ड 16 व 25 में बनेंगे कम्युनिटी हाल, खर्च होंगे 50 लाख
नगर परिषद से मिली जानकारी के अनुसार वार्ड 16 के जालंधरी मोहल्ला में दीन दयाल उपाध्याय योजना के तहत कम्यूनिटी हॉल का निर्माण होगा। इस पर करीब 25 लाख रुपए खर्च होंगे। जिससे आसपास के लोगों को सुविधा मिलेगी। वार्ड वासी विवाह कार्यक्रम समेत छोटे सामाजिक कार्यक्रम यहां आयोजित कर सकेंगे। इसके अलावा वार्ड में दादा खेड़ा पर 5 लाख रुपए से हाई मास्क लाइट लगेगी। वार्ड 18 में गायत्री कम्युनिटी हॉल की रिपेयर पर 25 लाख रुपए खर्च होंगे। वहीं वार्ड 25 में गली, नाली, पुलिया व रिपेयर वर्क पर 25 लाख रुपए खर्च होंगे।
डिमांड अनुसार सभी वार्डों के लिए विकास कार्यों के टेंडर लगाए जा रहे हैं। जिन वार्डों में काम की ज्यादा जरूरत है, उनकी लिस्ट तैयार की जा रही है। पार्षदों के मांग सुझाव अनुसार वहां भी काम करवाए जाएंगे।
-सीमा कश्यप, चेयरपर्सन, नगर परिषद
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/38uPDxf
कोई टिप्पणी नहीं