अब जिले के 10 इम्पैनल केंद्रों पर हो सकेगा फ्री अल्ट्रासाउंड, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत विभाग से सुविधा
सिविल अस्पताल में पंजीकरण करवाकर उपचार करवाने वाली गर्भवती महिलाओं को जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत बड़ी राहत मिली है। उन्हें अपने खर्चे पर निजी केंद्रों पर जाकर अल्ट्रासाउंड नहीं करवाना पड़ेगा। उक्त कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग ने समस्या का समाधान करते हुए जिले के 10 निजी केंद्रों को इम्पैनल किया है, जहां नि:शुल्क अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलेगी।
बता दें कि सिविल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन है मगर लंबे समय से रेडियोलॉजिस्ट नहीं है। इस वजह से गर्भवती महिलाओं को काफी परेशानियां उठानी पड़ रही थी। रोज करीब 50 गर्भवती महिलाएं अल्ट्रासाउंड के लिए अस्पताल पहुंचती हैं। एनएचएम नोडल ऑफिसर डॉ. जितेंद्र शर्मा ने बताया कि जिले में 10 निजी अल्ट्रासाउंड सेंटर्स को चिह्नित किया है। इन्हें इम्पैनल कर दिया है, जहां पंजीकृत गर्भवती महिलाएं नि:शुल्क अल्ट्रासाउंड करवा सकेंगी।
जानिए... स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इम्पैनल में शामिल इन संस्थानों में मिलेगी सुविधा
- आदमपुर, सीसवाल, बरवाला ब्लॉक की गर्भवती महिलाओं के लिए आदमपुर रोड अग्रोहा मोड़ स्थित अग्रोहा में श्री बालाजी अल्ट्रासाउंड सेंटर। एसडीएच आदमपुर, पीएचसी काजला, पीएचसी चुली बागड़ियान, पीएचसी लांधड़ी और पीएचसी अग्रोहा में इलाज करवाने वाली गर्भवती महिलाएं लाभ उठा सकेंगी।
- आर्य नगर, सीसवाल ब्लॉक के लिए बालसमंद गांव स्थित छबीलदास मैमोरियल हॉस्पिटल है। यहां सीएचसी आर्य नगर, पीएचसी बालसमंद, पीएचसी गावड़, पीएचसी डोभी, सीएचसी सीसवाल में इलाज करवाने वाली महिलाएं लाभ उठा सकेंगी।
- बरवाला, उकलाना ब्लॉक की गर्भवती महिलाओं के लिए बरवाला में श्री बालाजी अल्ट्रासाउंड एंड डाइग्नोस्टिक सेंटर इम्पैनल किया है। यहां सीएचसी बरवाला और पीएचसी दौलतपुर में इलाज करवाने वाली महिलाएं लाभ उठा सकेंगी।
- उकलाना ब्लॉक के लिए बरवाला के हांसी रोड स्थित बंसल अस्पताल है। यहां सीएचसी उकलाना, पीएचसी हसनगढ़ और पीएचसी पाबड़ा में इलाज करवाने वाली महिलाएं सुविधा ले सकेंगी।
- सिसाय ब्लॉक के लिए लक्ष्मी विहार बरवाला में लोट्स डाइग्नोस्टिक सेंटर इम्पैनल किया है। यहां पीएचसी गुराना और पीएचसी डाटा में पहुंचने वाली गर्भवती महिलाएं लाभ उठा सकेंगी।
- नारनौंद, सोरखी ब्लॉक के लिए गैस एजेंसी रोड हांसी में गर्ग अस्पताल इम्पैनल किया है। एसडीएच-सीएचसी नारनौंद, सीएचसी-पीएचसी खांडाखेड़ी, सीएचसी--पीएचसी मिर्चपुर, पीएचसी थुराना, सीएचसी सोरखी, पीएचसी पुट्ठी मंगल खां में इलाज कराने वाली गर्भवतियों के लिए।
- अर्बन हांसी, सिसाय, सोरखी ब्लॉक के लिए अंबेडकर चौक हांसी में देव डाइग्नोस्टिक सेंटर। यहां सीडीएच हांसी, सीएचसी सिसाय, पीएचसी उमरा, यूपीएचसी चार कुतुब गेट हांसी, पीएचसी पुट्ठी समैण में इलाज करवाने वाली गर्भवती महिलाएं लाभ उठा सकेंगी।
- मंगाली, बरवाला, न्योली कलां ब्लॉक के लिए गुरुद्वारा रोड मॉडल टाउन में डॉ. श्योराण अल्ट्रासाउंड एंड इमेजिंग सेंटर को इम्पैनल किया है। यहां सीएचसी मंगाली, पीएचसी कैमरी, पीएचसी तलवंडी रूक्का, पीएचसी नलवा, पीएचसी लाडवा, पीएचसी धान्सू, पीएचसी न्योलीकलां में इलाज करवाने महिलाएं लाभ उठा सकेंगी।
- अर्बन हिसार, आर्य नगर ब्लॉक के लिए आजाद नगर में गर्ग अल्ट्रासाउंड एंड इमेजिंग सेंटर को इम्पैनल किया है। यहां यूएचसी आजाद नगर, पीएचसी चौधरीवास, यूपीएचसी पटेल नगर, यूपीएचसी ऋषि नगर में इलाज करवाने वाली गर्भवती लाभ उठा सकेंगी।
- अर्बन हिसार, आर्य नगर ब्लॉक के लिए जिंदल चौक स्थित लाइफ लाइन अस्पताल को इम्पैनल किया है। यहां यूएचसी सेक्टर 1-4 सूर्य नगर, यूपीएचसी महाबीर कालोनी, पीएचसी सातरोड कलां, सिविल अस्पताल में इलाज करवाने वाली गर्भवती महिलाएं लाभ उठा सकेंगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZTNEOX
कोई टिप्पणी नहीं