Header Ads

Breaking News

किला रोड पार्किंग के लिए निगम नहीं देगा गार्ड, दुकानदार चंदा कर ग्राहकों को मुफ्त पार्किंग देंगे

https://ift.tt/2NzdOAJ

किला रोड के पास स्थित शहीद भगत सिंह पार्किंग को अब यहां के दुकानदार खुद चलाएंगे। नगर निगम प्रशासन पार्किंग के संचालन के लिए कोई कर्मचारी नहीं देगा। किला रोड की दोनों मार्केट एसोसिएशन ने मिलकर फैसला लिया है कि सोमवार से पार्किंग निशुल्क चलेगी। ग्राहकों से कोई पैसा नहीं लिया जाएगा। दुकानदार खुद चंदा करके यहां कर्मचारियों की तैनाती करेंगे। किला रोड बाजार की सड़क पर अब दुकानदारों के वाहन खड़े नहीं होने का दावा मार्केट एसोसिएशन ने किया है।

उनका कहना है कि सभी दुकानदार अपने वाहन पार्किंग में खड़ा करेंगे। सड़क के बीच में केवल ग्राहकों के वाहन खड़े होंगे। हालांकि अभी पुलिस प्रशासन इस पर क्या कदम उठाता है इस पर विचार नहीं किया गया है। पिछली बार पुलिस प्रशासन ने सड़क के बीच में खड़े सभी वाहन हटवाकर उन्हें पार्किंग में भेजने का अभियान चलाया था, जो पुलिस कर्मचारियों की तैनाती तक लगभग एक माह चला था। अब यहां पर फिर वही जाम जैसे हालात हो गए हैं।

किला रोड मार्केट एसोसिएशन के प्रधान हैप्पी अनेजा ने शुक्रवार को नगर निगम कमिश्नर प्रदीप गोदारा के साथ मिलकर पार्किंग संचालन के सभी बिंदुओं पर बातचीत की। इसके बाद शाम को किला रोड बाजार में किला रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन और किला रोड मार्केट एसोसिएशन के पदाधिकारियों व बाजार के दुकानदारों की संयुक्त रूप से बैठक हुई। इस दौरान बताया गया कि नगर निगम ने पार्किंग को निशुल्क चलाने के लिए एसोसिएशन को सौंप दिया है, लेकिन संचालन के लिए सुरक्षा गार्ड व अन्य कर्मियों का खर्च आदि दुकानदारों को उठाना होगा।

इस पर तय हुआ कि दोनों एसोसिएशन व दुकानदार मिलकर चंदा करेंगे। इससे ही गार्ड की सैलरी व अन्य खर्चे निकाले जाएंगे। बैठक में किला रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान बिट्‌टू सचदेवा, किला रोड मार्केट एसोसिएशन के प्रधान हैप्पी अनेजा, सुनील गोगोई, दीपक पुनियानी, एचएच भल्ला, ललित सुनेजा, परस राम तागरा, धर्मेंद्र गुलाटी, रोहित भुटियानी, बंटी चौधरी, बिरेंद्र कथूरिया, विशम्भर, राकेश बतरा, संजय जुनेजा और विजय भुटियानी आदि उपस्थित रहे।

किराए पर देने का चौथा प्रयास भी हुआ था असफल, अब फ्री में दी
किला रोड मार्केट स्थित शहीद भगत सिंह पार्किंग की बोली चौथी बार स्थगित हो गई थी। इसके पहले ढाई गुना कम बोली लगने पर पार्किंग की बोली स्थगित हुई थी, जबकि पहली बार 58 हजार प्रति माह किराए पर बोली छूटी थी। लेकिन पार्किंग 1 महीने भी नहीं चल पाई। बाजार के दुकानदार और व्यापारिक संगठन शुरू से ही पार्किंग को निशुल्क चलाने का अधिकार देने अथवा निगम द्वारा फ्री पार्किंग शुरू करने की अपील कर रहे हैं। अभी भी यह पार्किंग दो माह के लिए ही दी गई है।

बाजार में दुकानदारों के वाहन खड़े होने पर होगी कार्रवाई : बैठक में तय किया गया है कि सोमवार को पार्किंग शुरू होने के बाद एक भी दुकानदार के दुपहिया वाहन किला रोड बाजार की सड़क पर खड़े नहीं होंगे। ऐसा पाए जाने पर एसोसिएशन खुद फोन कर निगम की टीम बुलवाकर कार्रवाई कराएगी। इस नियम का कड़ाई के साथ पालन कराया जाएगा। दुकानदारों से इस मामले में सहयोग का आह्वान किया गया है। हालांकि किला रोड पर जब तक ग्राहकों के वाहन भी पार्किंग में नहीं जाएंगे तो यहां जाम से मुक्ति नहीं मिल सकती।

सुबह 8:30 बजे से रात साढ़े 7 बजे तक खुलेगी पार्किंग : किला रोड मार्केट एसोसिएशन के प्रधान हैप्पी अनेजा ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से दुकानों के खुलने और बंद करने के निर्धारित समय के मद्देनजर शहीद भगत सिंह पार्किंग सुबह साढ़े 8 बजे से लेकर रात साढ़े 7 बजे तक खुलेगी। इसके बाद प्रशासन की ओर से जो भी समय निर्धारित किया जाएगा। उसके आधा घंटे बाद तक पार्किंग को खोला जाएगा।

पार्किंग में 450 वाहन खड़े हो सकेंगे : शहीद भगत सिंह पार्किंग के बेसमेंट में करीब 350 दो पहिया वाहन और ऊपर 100 मोटरसाइकिल व स्कूटी व लगभग आधा दर्जन कार खड़ी हो सकती हैं। भगत सिंह काम्प्लेक्स में प्रथम तल पर 14 दुकानें हैं। द्वितीय तल पर भी 14 दुकानें हैं और ऊपर के धरातल पर 114 वर्ग गज जगह है। अभी इन्हें भी किराए पर उठाया नहीं जा सका है।

फड़ी लगाने वाले 14 दुकानदारों काे नहीं मिले बूथ
भगत सिंह काम्प्लेक्स में फड़ी लगाने वाले 14 दुकानदारों को 9 बाई 9 फीट के बूथ दिए जाने हैं। बदले में हर बूथ संचालक से 1500 रुपए प्रतिमाह किराया वसूलना तय है। काम्प्लेक्स बनकर तैयार है, लेकिन अभी तक फड़ी लगाने वाले संबंधित दुकानदारों को जगह नहीं दी गई है। इससे इन दुकानदारों का रोजगार प्रभावित हो रहा है।

दुकानदारों व ग्राहकों को मिलेगी निशुल्क सुविधा
हैप्पी अनेजा, प्रधान, किला रोड मार्केट एसोसिएशन ने कहा कि नगर निगम कमिश्नर प्रदीप गोदारा से बातचीत के बाद शुक्रवार शाम किला रोड मार्केट की दोनों एसोसिएशन के पदाधिकारियों व दुकानदारों ने पार्किंग के संचालन पर विचार-विमर्श किया है। अब पार्किंग 29 जून से नियमित खुलेगी। यहां वाहन खड़े करने की सुविधा दुकानदारों व ग्राहकों को निशुल्क दी जाएगी। मेंटेनेंस व वहां तैनात कर्मियों का खर्च निकालने के लिए चंदा किया जाएगा। शनिवार व रविवार में पार्किंग की पूरी व्यवस्था दुरुस्त कर दी जाएगी ताकि किसी को भी असुविधा न हो।

पार्किंग में ही खड़े होंगे दुकानदारों के वाहन
बिट्‌टू सचदेवा, प्रधान, किला रोड ट्रेडर्स एसोसिएशन ने कहा कि सोमवार से शहीद भगत सिंह पार्किंग चलेगी। दोनों यूनियन ने मीटिंग करके तय किया है कि पार्किंग मिलकर संभालेंगे। ग्राहकों के दोपहिया वाहन दुकानों के आगे लगेंगे, लेकिन दुकानदारों के वाहन पार्किंग में खड़े होंगे। हर दिन सुबह 10 बजे तक किला रोड मार्केट में इतने दोपहिया वाहन खड़े हो जाते हैं कि इस दौरान आने वाला ग्राहक भीड़ देखकर सोचता है कि वह अपने वाहन कहां खड़े करे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
किला राेड बाजार की पार्किंग काे लेकर आपस में बैठक करते व्यापारी।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Bfu3jN

कोई टिप्पणी नहीं