Header Ads

Breaking News

खेत की मेढ़ को लेकर शराब ठेकेदारों ने तीन लोगों को मारी गोलियां, एक की हालत नाजुक

https://ift.tt/2BvSido

गांव गोलनी में खेत की मेढ़ को लेकर दिन में हुई कहासुनी का बदला लेने के लिए एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। जिसमें तीन लोगों को गोलियां लगी है। एक को चार गोलियां लगने की बात सामने आ रही है। जिसकी हालत नाजुक है। सभी शहर के प्राइवेट अस्पताल में उपचाराधीन हैं। कई पर हमलावरों ने गंडासियों से हमला किया। हमले में कुल आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। कहा जा रहा है कि हमला करने आए लोग जब फायरिंग कर रहे थे तो एक गोली उनसे अपने व्यक्ति को भी लगी है।

हालांकि यह पता नहीं चला है कि घायल कहां है। हमलावर रात से ही फरार हैं। वहीं गांव में तनाव बना है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए रेड कर रही है। हमला करने वाले ज्यादातर शराब कारोबार से जुड़े हैं। इनके रादौर समेत अन्य एरिया में शराब के ठेके हैं। छप्पर थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने करीब एक दर्जन लोगों पर धारा-452, 148, 149, 323, 307 और आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश जारी है।

एंबुलेंस के लिए अधिकारियों को करना पड़ा फोन
घायल को सिविल अस्पताल से रेफर किया तो एंबुलेंस नहीं मिली। मौके पर पहुंचे डीएसपी ने इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फोन किया। इसके बाद एंबुलेंस मिली। इस दौरान गोली लगने से घायल बुजुर्ग स्ट्रेचर पर ही लेटा रहा। वह पूरी तरह से खून से लथपथ था।

पहले मेढ़ को लेकर बहस की, बाद में बाइक के आगे डंडा अड़ाया, रात को गोलियां चलाई
गांव गोलनी निवासी रविंद्र उर्फ कल्लू ने छप्पर पुलिस को शिकायत दी है कि उसके भाई जोनी की गांव के चमनलाल के साथ खेतों में डाेल (मेढ़) को लेकर बहस हो गई थी। उनकी बाइक में चमनलाल के घर के बाहर डंडा भी अड़ा दिया था। जिसकी शिकायत करने वे पंचतीर्थी चौकी में गए थे। रात को परिवार के लोग बैठक में बैठे थे। तभी दो कारों में कुछ लोग आए। आरोप है कि उसमें रिंकू राणा, सुधीर, अमित मलिक, रोहित, रमेश ठेकेदार, संदीप, चमन, बबली, रवि, अमित, थे। उनके हाथों में हथियार थे।

उन्होंने आते ही उन पर हमला कर दिया। अमित ने उसके मुंह पर रिवॉल्वर रखकर उस पर फायर किया। इसके बाद श्याम सिंह पर फायर कर दिया। उसे एक गोली जांघ में और दूसरी छाती के पास लगी। जब उसका ड्राइवर उसे बचाने आया तो हमलावरों ने उसकी जांघ पर गाेली मार दी। वहीं हमलावरों ने उसके पिता समेत परिवार के अन्य लोगों को लाठियों और डंडों से पीटा। जब वहां गांव के लाेग जुटे ताे हमलावर फरार हो गए। घायलों को सिविल अस्पताल लाया गया, जहां से उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया। हालांकि परिवार के लोगों ने उन्हें प्राइवेट अस्पताल में भर्ती किया।

मुझे व मेरे साथियाें काे रंजिश के तहत फंसाया : रमेश रादाैर
गांव गोलनी में हुए झगड़े के दौरान गोली चलने पर कुछ लोगों के घायल होने के मामले में शराब ठेेकेदार रमेश कुमार रादौर ने कहा कि मामले को लेकर उनका व उनके साथियों का कोई दोष नहीं है। उन्हें व उनके साथियों को झूठे मामले में पुरानी रंजिश को लेकर फंसाया जा रहा है। जिन लोगों ने उन पर व उनके साथियों पर हत्या के प्रयास का झूठा मामला दर्ज करवाया है, उनके विरुद्ध कुछ दिन पहले रादौर थाने में उन्हाेंने मारपीट व अपहरण का मामला दर्ज करवाया था।

जिसकी रंजिश में उन पर व उनके साथियों पर गांव गोलनी में गोली चलाकर कुछ लोगों को घायल किए जाने पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करवाया गया है। इस विवाद से उनका कोई लेना देना नहीं था।

शादीपुर में जमानत पर आए व्यक्ति ने शराब ठेकेदार पर की फायरिंग
शादीपुर में शराब ठेकेदार पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमला करने में शामिल लोगों ने उस पर फायरिंग भी की। मामला अवैध शराब का बताया जा रहे हैं। ठेकेदार सुंदर सिंह ने इस को लेकर शिकायत पुलिस को दी है।

उन्होंने कहा कि पुलिस ने पवन नाम के व्यक्ति को अवैध शराब के मामले में गिरफ्तार किया था। वह जमानत पर छूट गया था। उसे यह शक है कि उसने ही उसकी मुखबारी की है तब पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। इसी रंजिश के चलते उसने उस पर हमला किया। ठेकेदार ने बताया कि वह जब शादीपुर में गया तो वहां पर लोगों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया। इस दौरान फायरिंग भी की। इसमें बाल-बाल बच गया। सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और मामले में जुटी थी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
यमुनानगर| गांव गोलनी में गोलियां लगने से घायल व्यक्ति।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YXvf3j

कोई टिप्पणी नहीं