लुवास वैज्ञानिकों ने गेहूं के ज्वारे से तैयार किया आयुर्वेदिक सुगंधित दूध, यह खून की कमी दूर करने व हृदय की कार्य क्षमता को बढ़ाने में सहायक
लुवास के पशुधन उत्पाद प्रौद्योगिकी विभाग के छात्र राजेश कुमार ने अन्य वैज्ञानिकों के साथ मिलकर लंबी रिसर्च के बाद गेहूं के ज्वारे का प्रयोग कर आयुर्वेदिक सुगंधित दूध तैयार किया है। जिससे शरीर में खून की कमी को दूर करने से लेकर हृदय की कार्य क्षमता बढ़ाने, प्रदूषण फैलाने वाले रासायनिक तत्वों के असर को भी खत्म किया जा सकेगा। दरअसल, लुवास में पशुओं की बीमारी से लेकर विभिन्न खाद्य पदार्थों को लेकर कई रिसर्च चलती रहती है।
अब पशुधन उत्पाद प्रौद्योगिकी विभाग के छात्र राजेश कुमार ने आयुर्वेदिक सुगन्धित दूध तैयार किया है। यह गेहूं के ज्वारे के माध्यम से तैयार किया गया है। जिसमें क्लोरोफिल के अलावा एंजाइम, विटामिन ए, बी, सी, ई कैल्शियम, आयरन, मैग्नीशियम, सोडियम सल्फर और 17 अमीनो एसिड पाए जाते हैं। दूध का सेवन करने से बच्चों से लेकर बूढ़े दोनों में ही शरीर में स्फूर्ति आएगी।
लुवास की वैज्ञानिक डॉ. रेखा दहिया ने बताया कि देश की यदि बात की जाए तो 6 से 14 वर्ष के करीब 50% बच्चे कुपोषण के शिकार हैं। पांच में से एक व्यस्त लड़का, 5 में से 1 व्यस्क लड़की, तीन में से एक महिला तथा 60% से ज्यादा बच्चे रक्त हीनता से ग्रसित है। बताया कि संपूर्ण आहार तथा गेहूं के ज्वार की पौष्टिकता तथा बीमारियों में बचाव की विशेषता को ध्यान में रखकर डबल टोंड दूध में गेहूं के ज्वारे, चीनी, गुलाब तथा सुगंध डालकर कीटाणु रहित तथा 15 दिन तक तापमान पर सुरक्षित रखकर पोस्टिक स्वास्थ्यवर्धक हर्बल दूध तैयार किया गया है।
इस खोज में डॉ. रेखा दहिया प्रमुख सलाहकार रहीं। खोज से यह प्रमाणित हुआ कि आयुर्वेदिक दूध ज्वारे तथा गेहूं के द्वारा बनाया गया है। दूध कैल्शियम फास्फोर्स आयरन और अन्य पोषक तत्वों से भरपूर हैं। इससे शरीर में स्फूर्ति भी आती है।
गेहूं के ज्वारे को कहा जाता है ग्रीन ब्लड, इसमें कई औषधीय गुण
गेहूं के ज्वारे को औषधीय गुणों की वजह से ग्रीन ब्लड या हरा रक्त भी कहा जाता है। गेहूं के ज्वारे विटामिन ई, के, जिंक और क्लोरोफिल से भरपूर होते हैं, जिन्हें बेहतरीन पोषक तत्व माना जाता है। इसके औषधीय गुणों की वजह से ग्रीन ब्लड या हरा रक्त भी कहा जाता है।
डॉ. गुरदयाल सिंह, वीसी, लुवास ने कहा कि वैज्ञानिकों द्वारा तैयार आयुर्वेदिक सुगंधित दूध कुपोषण को दूर करने में अहम भूमिका निभाएगा। अन्य कई प्रोडक्ट में भी रिसर्च चल रही है। जल्द ही पूरी हो जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YUAXD0
कोई टिप्पणी नहीं