शरीफगढ़ का ठग: अम्बाला पुलिस की गिरफ्त में कैंडी बाबा, 7 दिन के रिमांड पर
फरीदाबाद पुलिस द्वारा काबू शरीफगढ़ के ठग बाबा राजेश कैंडी अब अम्बाला पुलिस की एसआईटी की गिरफ्त में है। एसआईटी ने उसे कुरुक्षेत्र में दर्ज धोखाधड़ी मामले की जांच अम्बाला एसआईटी करेगी। फरीदाबाद से उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाने के बाद एसआईटी की टीम ने कुरुक्षेत्र कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे सात दिन के रिमांड पर लिया है। कुरुक्षेत्र में दर्ज दूसरे मामलों में सीआईए स्टाफ टू जांच कर रहा है। सीआईए स्टाफ भी उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारियों में है। बता दें कि कैंडी पर कई मामले दर्ज हैं।
जीटी रोड शरीफगढ़ के समीप डेरा बाबा वडभाग सिंह का संचालक राजेश उर्फ कैंडी बाबा लोगों से सस्ता सोना दिलाने के बहाने करोड़ों रुपए हड़प चुका है। कुरुक्षेत्र में भी उसके खिलाफ पांच से ज्यादा मामले दर्ज हैं। इनमें कैथल निवासी विवेक से ठगी का केस भी है। विवेक से कैंडी ने सस्ता सोना देने का झांसा देकर 99 लाख रुपए ठगे थे, लेकिन न सोना मिला और न ही उसका पैसा मिला। इसी बीच दिसंबर 2018 में कैंडी गायब हो गया।
जिस पर विवेक ने कुरुक्षेत्र सिटी थाना में 27 जून 2019 को धोखाधड़ी के आरोप में शिकायत दर्ज कराई। उसके खिलाफ जांच को अंबाला में एसआईटी गठित की गई थी। एसआईटी प्रभारी डीएसपी मुनीष सहगल, इंस्पेक्टर कंवलजीत व जांच अधिकारी दलजीत सिंह की टीम इस मामले में जांच कर रही।
सोमवार को एसआईटी फरीदाबाद से ले आई, 28 तक करेगी पूछताछ
बता दें कि गत छह जून को फरीदाबाद पुलिस ने आरोपी को पकड़ा था। कैंडी पातड़ा पंजाब में छिपा था। फरीदाबाद पुलिस ने उसे बदरपुर बार्डर से काबू किया। उस रोज वह किसी काम से गुरुग्राम गया था। आरोपी को 10 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। सोमवार को कैंडी को एसआईटी फरीदाबाद से लेकर आई। उसे कुरुक्षेत्र कोर्ट में पेश किया। जांच अधिकारी दलजीत सिंह के अनुसार आरोपी को सात दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी से पहले कुरुक्षेत्र सिटी थाना में दर्ज मामले में पूछताछ की जाएगी।
अम्बाला के बाद कुरुक्षेत्र पुलिस करेगी जांच
राजेश उर्फ कैंडी के खिलाफ अम्बाला, कुरुक्षेत्र समेत प्रदेश के कई जिलों में केस दर्ज हैं। विवेक गुप्ता से ठगी समेत कुछ मामलों में एसआईटी अम्बाला जांच करेगी। जबकि कुछ मामलों की जांच कुरुक्षेत्र सीआईए टू को सौंपी है। सीआईए टू प्रभारी मलकीत सिंह के मुताबिक आरोपी को अभी अम्बाला पुलिस लेकर आई है। इसके बाद कुरुक्षेत्र पुलिस जांच करेगी। इसके लिए फरीदाबाद की अदालत से प्रोडक्शन वारंटपर लाया जाएगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/37Sm1Jw
कोई टिप्पणी नहीं