कैंट हाउसिंग बोर्ड से कोरोना की दूसरी चेन; एक ही परिवार में 5 सदस्य पॉजिटिव मिले मॉडल टाउन में बिजनेसमैन संक्रमित
मंगलवार को अम्बाला में कोरोना के 9 पॉजिटिव केस आने से आंकड़ा 292 हो गया है। आंकड़ा बढ़ने के साथ ही चिंता इस बात की संक्रमण की चेन लंबी होती जा रही है। कैंट हाउसिंग बोर्ड में एक ही परिवार के 5 सदस्य पॉजिटिव मिले हैं। सबसे पहले 19 जून को इस परिवार का 40 वर्षीय युवक संक्रमित हुआ था। उसकी नोएडा की ट्रैवल हिस्ट्री थी।
युवक के साथ ही 68 वर्षीय पिता व टेंट सर्विस प्रोवाइड करने वाला 45 वर्षीय भाई भी पॉजिटिव मिला था। अब इस युवक की 13 वर्षीय बेटी, 63 वर्षीय मां, शाहाबाद में विवाहित 39 वर्षीय बहन, 33 वर्षीय भाभी व उनका 4 साल का बेटा संक्रमित मिला है। युवक के एक भाई की 20 दिन पहले ब्रेन ट्यूमर से मौत हो गई थी। इस हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में संक्रमण की यह दूसरी बड़ी चेन है। कॉलोनी में रह रहे बजाजा बाजार के गारमेंट व्यवसायी की चेन से 15 लोग संक्रमित हुए थे।
इसी तरह स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की शास्त्री कॉलोनी में भी संक्रमण की चेन लंबी हो रही है।डिस्ट्रिक्ट क्वारेंटाइन कमेटी के इंचार्ज डॉ. राजेंद्र राय की रिपोर्ट के अनुसार शास्त्री कॉलोनी में मुंबई से आने के बाद कोरोना पॉजिटिव मिली युवती की चेन में चंद्रपुरी से चौथा केस मिला है। यह युवती 11 जून को कोरोना पॉजिटिव मिली थी। जिसके बाद 14 जून को युवती का 22 वर्षीय भाई व 47 वर्षीय मां कोरोना पॉजिटिव मिले थे। अब इनके ईंट भट्ठे पर काम करने वाला चंद्रपुरी निवासी 25 वर्षीय मुंशी पॉजिटिव आया है।
संक्रमित मिले मॉडल टाउन निवासी बिजनेसमैन का जीरकपुर में दोस्त भी मिल चुका कोरोना पॉजिटिव
मॉडल टाउन निवासी 38 वर्षीय बिजनेसमैन संक्रमित हुए हैं। वह 8 जून को चंडीगढ़ गए थे। वहां जीरकपुर में अपने दोस्त से मिले जो पहले से संक्रमित था। गला खराब होने के बाद बिजनेसमैन ने 10 जून को सैंपल कराया था लेकिन तब रिपोर्ट निगेटिव आई थी। अब दोबारा 19 को टेस्ट कराया तो रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। परिवार में माता-पिता, पत्नी व सात साल का बेटा है। बेटे का भी गला खराब है।
शांतिनगर में एक साल का बच्चा संक्रमित, इसकी दिल्ली से आई मां 19 जून को मिली थी पॉजिटिव
शांति नगर में ही एक साल का बच्चा कोरोना संक्रमित मिला है। इससे पहले इस बच्चे की मां 19 जून को कोरोना संक्रमित मिली थी। इस महिला की दिल्ली की ट्रैवल हिस्ट्री थी। शांतिनगर में यह तीसरा मामला है। एक 34 वर्षीय युवक भी पॉजिटिव मिल चुका है।
शांतिनगर में 50 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव
कैंट के शांतिनगर में रहने वाली 50 वर्षीय महिला संक्रमित मिली है। पति की मौत के बाद अपनी बेटी के साथ रहती हैं। बुखार आने के बाद 20 को प्राइवेट अस्पताल में चेक कराया था। डॉक्टर ने महिला को सैंपल कराने के लिए कहा था। एक बेटी पालम विहार में विवाहित है।
5 मिशन में आइसोलेट, 2 को घर पर ही रखा
सीएमओ डॉ. कुलदीप सिंह की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक पांच लोगों को मिशन अस्पताल में आइसोलेट किया गया है जबकि दो को होम आइसोलेट किया गया। एक मुलाना में तो एक पानीपत के पार्क अस्पताल में आइसोलेट किया गया है। नए केसों के आने के बाद जिले में कोरोना का आंकड़ा 292 हो गया है।
मंगलवार को 17 मरीजों की ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी कर दी गई, इनमें से 10 की छुट्टी मुलाना की एमएम कोविड यूनिट से हुई। अब एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 112 है। जिले में 13,516 सैंपल लिए गए हैं। इनमें से 12,971 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 253 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3dpNtQ5
कोई टिप्पणी नहीं