इंस्पेक्टर व एएसआई पर बिना जांच के ही केस दर्ज कर फंसे सेक्टर 13-17 थाने के एसएचओ व एसआई, एसपी ने जांच बैठाई
सेक्टर 13-17 थाने के तत्कालीन एसएचओ इंस्पेक्टर अनिल कुमार हुड्डा और एएसआई गुलशन कुमार के खिलाफ बिना जांच के ही केस दर्ज करके सेक्टर 13-17 थाने के एसएचओ, एक एसआई व अन्य पुलिसकर्मी बुरे फंस गए।
मामले में एसपी मनीषा चौधरी के पास 18 जून को शिकायत आई थी। उन्होंने शिकायत पर जांच करने के बाद एक्शन लेने के बारे में लिखा था। लेकिन उसी दिन ही इंस्पेक्टर, एएसआई समेत 8 लोगों पर केस दर्ज हो गया। अब एसपी ने मामले में जांच बैठा दी। डीएसपी पूजा डाबला से पूछा है कि किस परिस्थिति में जांच पूरा हुए बिना ही पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज किया गया। दोषी पाए जाने वाले केस दर्ज करने वाले पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई भी हो सकती है।
एसएचओ के सीसीटीएनएस कोड में एसआई की हाजिरी में दर्ज हुआ केस
बिना जांच के ही केस दर्ज करने में एसएचओ और एसआई की भूमिका सामने आ रही है। क्योंकि एसएचओ थाने के सर्वेसर्वा होते हैं और उनकी जानकारी के बिना कोई केस दर्ज नहीं होता। सीएम विंडो पर दी गई शिकायत पर यह केस एसएचओ के सीसीटीएनएस कोड में एसआई सुरेंद्र की हाजिरी में दर्ज किया गया। डीएसपी दोनों को अपना जांच में शामिल कर सकती हैं।
यह था मामला
खोतपुरा के कर्मबीर का आरोप है कि 2018 में उसने एक ट्रैक्टर व दो ट्रॉली गांव के सुरेश को 15 हजार रुपए महीने किराए पर दी थी। किराए में आनाकानी करने पर उसने ट्रैक्टर-ट्रॉली वापस मांगे। वह टालमटोल करता रहा। उसने नवंबर 2019 में सेक्टर 13-17 थाने में शिकायत दी। तब इंस्पेक्टर अनिल हुड्डा थाने के एसएचओ थे। आरोप है कि इंस्पेक्टर व एएसआई गुलशन ने पद का दुरुपयोग कर जबरन राजीनामा करा दिया। फिर भी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां वापस नहीं मिली। कुछ समय पहले सुरेश ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बेच दी। तब उसने फिर शिकायत दी। लेकिन इंस्पेक्टर व एएसआई ने कोई कार्रवाई नहीं की। तब कर्मबीर ने सीएम विंडो पर शिकायत की थी। इस पर सुरेश, इंस्पेक्टर अनिल हुड्डा व एएसआई गुलशन पर केस दर्ज हो गया।
जो भी दोषी मिला, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी : एसपी
किन हालातों में केस दर्ज किया है, क्या कारण रहे हैं। इस बारे में डीएसपी पूजा डाबला को जांच देकर रिपोर्ट मांगी है। मामले में इंस्पेक्टर और एएसआई की भूमिका की भी जांच करने के लिए बोला है।
-मनीषा चौधरी, एसपी, पानीपत
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2V5zvfQ
कोई टिप्पणी नहीं