दामाद पर ससुराल से 10 तोले गहने चोरी का आरोप लगा, तलाशी में साले की पत्नी के पास ही मिले
शक में बात कहां से कहां तक पहुंच जाती है और नाजुक रिश्ते टूट जाते हैं, गांव लंडा की ये घटना यही दिखाती है। यहां ससुराल से लौटे दामाद पर 10 तोले सोने के गहने चुराने का आरोप लग गया। कहा गया कि उसने यह गहने चुराकर अपनी पत्नी को दे दिए हैं। बात बढ़ी और परिवार की पंचायतें हुई।
इसी बीच तलाशी ली तो गहने घर में साले की पत्नी के पास से ही मिल गए। गहने तो मिल गए लेकिन तब तक बात बहुत बढ़ चुकी थी और नौबत रिश्ते टूटने तक पहुंच गई। आखिर में मायके वालों ने अपनी बेटी को बेदखल करते हुए दामाद से भी रिश्ता तोड़ने की बात कही।
बात शुरू हुई जब दामाद बहबलपुर से अपने ससुर को लेकर अपने गांव लंडा आ गया। इसी बीच 19 जून को सूचना आई कि ससुर के घर से 10 तोले सोने के गहने चोरी हो गए हैं। शक दामाद पर हुआ और साले की पत्नी ने तो सीधे आरोप ही जड़ दिए कि ननदोई ने गहने चुराकर ननद को दे दिए हैं। जब गांव के सरपंच को इस बात का पता लगा तो उसने दामाद को फोन पर इस आरोप की जानकारी दी। अगले दिन ही दामाद अपने परिजनों और ससुर के साथ ससुराल पहुंचा।
वहां पर पंचायत हुई तो पता चला कि जब उसके साले ने गहने घर में चेक किए तो उसकी पत्नी के पास से ही निकले। इस पर गुस्साए दामाद ने हंगामा किया। अब सोमवार को उसके ससुराल वालों ने एक कागज पर हस्ताक्षर करके उसकी पत्नी को घर से बेदखल कर दिया। दामाद ने बताया कि उनकी शादी को 12 वर्ष हो गए हैं, लेकिन ऐसा घिनौना आरोप कभी नहीं लगा। इस आरोप के बारे पुलिस कंट्रोल रूम में भी सूचना दी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2VeFVtn
कोई टिप्पणी नहीं