अब होम क्वाॅरेंटाइन कर मरीज को दिए जाएंगे ऑक्सीमीटर, तलाशेंगे पूल टेस्टिंग की संभावना
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि होम क्वाॅरेंटाइन किए गए मरीजों के स्वास्थ्य पर निगरानी रखने के लिए ज्यादा से ज्यादा ऑक्सीमीटर उपलब्ध करवाए जाएं। मेडिकल कॉलेज व अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं शुरू की जाए, ताकि कोविड-19 के अतिरिक्त अन्य बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों को भी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकें। कोविड-19 के सामुदायिक संक्रमण को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाए। मुख्यमंत्री मनोहर लाल शनिवार को सर्किट हाउस में जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों व पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ कोविड-19 से निपटने के लिए किए गए प्रबंधों की समीक्षा कर रहे थे।
मनोहर लाल ने पीजीआईएमएस के कुलपति डॉ. ओपी कालड़ा और कोविड-19 के राज्य नोडल अधिकारी डॉ. ध्रुव चौधरी से कोविड-19 के संदर्भ में पूर्ण जानकारी ली तथा कोविड-19 के टेस्टिंग व रिपोर्ट बारे भी जानकारी हासिल की। उन्होंने पूल टेस्टिंग की संभावनाओं का भी पता लगाने को कहा। उन्होंने कहा कि कम संक्रमण वाले क्षेत्रों में पूल टेस्टिंग की जाए और यदि इसके सकारात्मक परिणाम आते है तो अन्य लोगों की भी जांच की जाए। ज्यादा संक्रमण वाले क्षेत्रों में पूल टेस्टिंग की अपेक्षा व्यक्तिगत जांच की जाए। उन्होंने प्रदेश में कोविड-19 की प्रतिदिन जांच क्षमता की भी विस्तृत जानकारी ली तथा प्लाज्मा थेरेपी से कोरोना संक्रमित व्यक्तियों के इलाज के बारे में भी बातचीत की।
एंटीबॉडी विकसित करने के बारे में ली जानकारी
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बाहर आने वाले व्यक्तियों को घरों में क्वाॅरेंटाइन करने के बारे में कहा कि इन व्यक्तियों के स्वास्थ्य निरंतर निगरानी के लिए ज्यादा से ज्यादा ऑक्सीमीटर उपलब्ध करवाए जाएं। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के रुझानों के अनुसार ही कार्रवाई की जाए। उन्होंने प्रदेश एवं कोरोना संक्रमण की दर व कोरोना से होने वाली मृत्यु दर के बारे में भी जानकारी हासिल की। उन्होंने संक्रमित व्यक्तियों में एंटीबॉडी विकसित होने के बारे में जानकारी हासिल की और एंटीबॉडी विकसित होने के बाद शरीर में कोरोना संक्रमण से प्रतिरोध करने की क्षमता बारे भी जानकारी ली।
विधायक कुंडू ने मुख्यमंत्री कोसौंपी समस्याओं की चिट्ठी
महम से विधायक बलराज कुंडू ने एक बार फिर अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर सीएम को अपनी समस्याओं का पत्र साैंपा। कुंडू ने कहा कि महम हलके के तकरीबन गांवों में पेयजल की गम्भीर समस्या बरसों से बनी है। एसडीओ की तैनाती करने, लड़कियों का काॅलेज खोलने की बरसों पुरानी मांग पूरी की जाए। महम के सरकारी अस्पताल की बिल्डिंग जर्जर है, उसे सुधारा जाए। अनेक गांवों को आपस में जोड़ने वाले कई सम्पर्क मार्गों की हालत बदतर हो गई हैं। किसानों ने ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए आवेदन दिए हैं लेकिन आज तक कनेक्शन जारी नहीं किया है। प्रदेश में बढ़ रहे अपराध को देखते लगता है कि हरियाणा बिहार से भी आगे निकल चुका है। इस दिशा में कठोर कदम उठाने जरूरी हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3dWjb81
कोई टिप्पणी नहीं