Header Ads

Breaking News

चरखी दादरी निवासी महिला की हत्या की बात छिपाने के आरोप में जेठानी गिरफ्तार

https://ift.tt/31Zkhh1

जाटूसाना थाना पुलिस ने पिछले वर्ष सितंबर माह में दोस्तों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किए पति व दोस्तों के बाद अब जेठानी को गिरफ्तार किया गया है।आरोप है कि गिरफ्तार जेठानी को प्रमिला की हत्या की बात पता चल गई थी बावजूद इसके उसने यह बात परिजनों के साथ पुलिस को नहीं बताई। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार करने के बाद उसका कोविड टेस्ट कराकर क्वारेंटाइन कर दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही महिला को अदालत में पेश किया जाएगा। जाटूसाना थाना प्रभारी नीलम ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी महिला के पति सहित उसके रोहतक निवासी दो साथियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष सितंबर कुमरोधा के समीप एक महिला का शव मिला था जिसकी उस समय शिनाख्त नहीं होने के कारण पुलिस ने अंतिम संस्कार कर दिया था।

भाई ने सुराग लगाकर मई में कराया था हत्या का मुकदमा दर्ज

हत्या की वारदात का शिकार हुई महिला प्रमिला का मायका जिला चरखी दादरी के गांव घसोल है। मृतका के भाई अशोक कुमार ने इसी साल मई माह में पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया कि उसकी बहन की हत्या उसके जीजा राजेश ने की। अशोक ने बताया कि सितंबर 2019 से उसकी बहन गायब है। उसकी बहन प्रमिला की शादी मूल रूप से जिला गुड़गांव के फरूखनगर निवासी राजेश के साथ वर्ष 2000 में की थी लेकिन बाद में राजेश ने अपनी गांव की जमीन बेचकर चरखी दादरी में ही जमीन ले ली थी और वहीं पर ही परिवार के साथ रहने लगा था। अशोक का आरोप था कि उसका जीजा राजेश शराब पीने का आदी था तथा उसकी बहन के साथ आए दिन झगड़ा करता था।

उसके आए दिन झगड़े व जमीन बेचने को लेकर झगड़ा काफी बढ़ गया जिसके बाद राजेश ने पत्नी की रोहतक निवासी दो साथियों के साथ मिलकर हत्या करके शव को कुमरोधा के पास फेंक दिया। अशोक प्रमिला के बारे में पूछता तो राजेश उसके बावल में होने की बात कहते हुए बाद में फोन पर बात कराने का आश्वासन देता। इसके बाद अशोक बावल पहुंचा जहां पर राजेश ने एक मकान बनाया हुआ है और वहां पर भी प्रमिला के बारे में कोई सुराग नहीं लगा।

तत्श्चात उसने बावल पुलिस को इसकी सूचना दी तो पुलिस ने उसे गुमशुदा महिला के शव के बारे में बताया कि एक शव जाटूसाना थाना क्षेत्र में भी मिला था। जाटूसाना पुलिस थाना में पहुंचा तो पुलिस ने उसे फोटो दिखाए जिसके बाद अशोक ने उसकी पहचान अपनी बहन प्रमिला के रूप में की। पहचान होने के बाद अशोक ने जीजा राजेश सहित अन्य लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया था। इसी मामले के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई तो अब तक इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

जेठानी ने हत्या की बात छिपाई : थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार महिला सुमन हत्या आरोपी पति राजेश के भाई सतबीर सिंह की पत्नी है। सतबीर की मौत हो चुकी है। सितंबर माह में जब प्रमिला की हत्या हुई तो इस बात को सुमन को भी पता चला गया और जब प्रमिला के परिजनों ने उससे पूछताछ की तो भी उसने यह राज छिपाए रखा। इतना ही नहीं इसके बारे में किसी के सामने कभी जिक्र तक नहीं किया। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि इस राज के बारे में सुमन भी जानती थी। फिलहाल महिला का कोविड टेस्ट कराने के बाद उसे क्वारेंटाइन कर दिया है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/38wK1SN

कोई टिप्पणी नहीं