पीटीआई शिक्षकों ने खेल मंत्री के पुतले की बाजार में निकाली शवयात्रा, सुभाष चौक पर फूंका पुतला
पीटीआई शिक्षकों का अनिश्चित कालीन क्रमिक अनशन 17वें दिन भी जारी रहा। 17वें दिन क्रमिक अनशन की अध्यक्षता जिला प्रधान भूप सिंह ने की। बुधवार को क्रमिक अनशन पर भारत भूषण, मंजू रानी, रोशनी, संतोष रानी व उषा रानी बैठे।
धरने को समर्थन देने के लिए सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान मदन लाल खोथ के नेतृत्व में हरियाणा रोडवेज तालमेल कमेटी के प्रधान पृथ्वी सिंह चाहर, नगरपालिका के कर्मचारी, अग्निशमन कर्मचारी, स्वास्थ्य ठेका कर्मचारी, कच्चे कर्मचारी व अन्य संगठनों के पदाधिकारियों के सदस्य पहुंचे। इसके अलावा धरने को जिलाभर से लगभग 20 ग्राम पंचायतों ने सहयोग व समर्थन दिया। वहीं गांव के सैकड़ों खिलाड़ियों ने अध्यापकों को अपना समर्थन देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
आंदोलनकारी लघु सचिवालय से एकत्रित होकर बरनाला रोड, बस स्टैंड, रेलवे पुल से होते हुए अंबेडकर चौक, हिसारिया बाजार, परशुराम चौक, भगत सिंह चौक से सुभाष चौक तक रोष मार्च निकाला। इस दौरान शिक्षक नारेबाजी करते हुए भाजपा के जिला महामंत्री प्रदीप रातुसरिया के प्रतिष्ठान पहुंचे और उन्हें सेवा बहाली हेतु अपना मांग पत्र सौंपा।इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने खेल मंत्री संदीप सिंह के पुतले की बाजारों में शवयात्रा निकालते हुए सुभाष चौक पर पुतला फूंका।
20 पंचायतों सहित खिलाड़ियों ने दिया समर्थन
पीटीआई शिक्षकों के धरने को समर्थन देने के लिए जिलाभर से 20 ग्राम पंचायतों ने सहयोग व समर्थन दिया। जिसमें ग्राम पंचायत मुसाहिब वाला, शहीदांवाली, सिकंदरपुर, अहमदपुर दारेवाला, गोदिकां, चकजालु, मुन्नावाली, बनवाला, रिसालियाखेड़ा, अलीकां, सांवतखेड़ा, दीवान खेड़ा, गंगा, सुकेराखेड़ा, अबूबशहर, नीलांवाली के अलावा डबवाली से ब्लाक समिति वार्ड नं. 6 व वार्ड नं. 7 से पार्षद सदस्यों ने समर्थन पत्र सौंपा। इसके साथ-साथ गांव भरोखां, बाजेकां, अरनियांवाली, खारियां, धौलपालिया व पोहड़का गांव से सैकड़ों खिलाड़ियों ने अध्यापकों को समर्थन दिया। इस दौरान सभी ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
अध्यापकों की बहाली नहीं हुई तो कल से तेज होगा आंदोलन
धरने को संबोधित करते हुए मदन लाल खोथ ने कहा कि वर्तमान हरियाणा सरकार बहुत ज्यादा असंवेदनशील हो गई है। बेकसूर व निर्दोष अध्यापकों को नौकरी से निकालकर बहुत ही घिनौना कार्य किया है और सरकार अभी तक कोई भी रास्ता नहीं निकाल रही। हरियाणा कर्मचारी संघ यह घोषणा करता है कि समय रहते सरकार इन अध्यापकों की बहाली करे, नहीं तो 3 जुलाई के बाद कर्मचारी संगठन लामबंद होकर सड़कों पर हरियाणा सरकार का विरोध करेंगे और सरकार को इनकी बहाली के लिए मजबूर करेंगे।
धरने का संचालन सत्यपाल ने किया। इस सभा को रोडवेज तालमेल कमेटी के प्रधान पृथ्वी सिंह चाहर, एसकेएस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष पूनमचंद रत्ती, देवेंद्र, हरबंस सिंह एईईओ, पुरुषोत्तम शास्त्री, भारत नौजवान सभा से कुलविंद्र सिंह व पॉवेल, एसएफआई से महक भारती व गुरप्रीत सिंह, बीर सिंह पीटीआई के जिला प्रधान कुलवंत सिंह खीवा ने भी संबोधित किया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2BWbUYw
कोई टिप्पणी नहीं