बारिश होते ही बिगड़ी धारूहेड़ा की हालत, जगह-जगह कीचड़ व जलभराव
धारूहेड़ा कस्बे में अलसुबह हुई बारिश ने नगर पालिका व हुडा विभाग की सफाई और जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। जलभराव व कीचड़ से शहर की कई सड़कों की हालत खराब हो गई। रेवाड़ी रोड, नंदरामपुर बास रोड, सेक्टर 4 व 6 की सड़कों पर जलभराव भी हो गया।
सेक्टरों के अंदर के रास्तों में भी जगह-जगह जलभराव से सेक्टरवासियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। सेक्टर के मुख्य बाजार, पुलिस थाना सेक्टर-6 के पास व बस स्टैंड, ट्रैफिक पुलिस चौकी व बाईपास पर भी बारिश का पानी भरा हुआ है। लगातार सफाई के बाद भी शहर के नालों से पानी की उचित निकासी नहीं हो पाई। कई मोहल्ले में नाले की सफाई नहीं होने से जल निकासी का मार्ग बंद है।जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं हुडा सेक्टर शहर का पाश इलाका है।
यहां पर बारिश के पानी की निकासी का कोई उपाय नहीं है। सुभाष चौक से सेक्टर के मुख्य द्वार को जाने वाली सड़क पर ग्रीन बेल्ट के साथ-साथ फुटपाथ का निर्माण कराया गया है, जिससे बारिश का पानी सड़क के बीचोंबीच भरा खड़ा है। स्थानीय निवासियों के साथ ही भिवाड़ी व अलवर को जाने वाले वाहन चालकों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। पहले से ही इस सड़क में गहरे गड्ढे बने हुए थे, जिनमें आज फिर बारिश का पानी भर गया है। इससे दोपहिया चालक गिरकर घायल भी हो चुके हैं।
भिवाड़ी से आए पानी ने भी किया परेशान: बारिश बंद होने के बाद भी पूरा दिन भिवाड़ी की तरफ से आने वाला काला गंदा कैमिकल युक्त पानी भिवाड़ी रोड पर नगरपालिका के सामने बने नाले से हुडा सेक्टर 4 में घुस गया, जिससे कि सेक्टर की सड़कें, पार्क व घरों के अंदर तक पानी भरा खड़ा हुआ है। सेक्टरवासियों को हो रही परेशानी की तरफ जब किसी भी विभाग या अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया तब कुछ जागरूक लोगों ने अपने स्तर पर ही भिवाड़ी से आने वाले गंदे नाले के पानी को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पानी की अधिकता की वजह से उन्हें कामयाबी नहीं मिली।
इस दौरान त्रिलोक धारीवाल, मास्टर रामनिवास, दिनेश वालिया, उत्तम सिंह, आनंद मोहन, प्रदीप, जोगेंद्र, राकेश सैनी व विक्रम यादव व सेक्टरवासियों ने बताया कि वर्षों से सरकारें बदलती रही हैं, लेकिन समस्या को लेकर किसी भी सरकार या प्रशासन ने ठोस कदम नहीं उठाया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZxY7PK
कोई टिप्पणी नहीं