हठधर्मिता छोड़ 1983 पीटीआई अध्यापकों के परिवारों को बसाने का काम करें प्रदेश सरकार
बर्खास्त पीटीआई अध्यापकों ने पीटीआई संघर्ष समिति के जिला प्रधान आशीष यादव के नेतृत्व में चितवन वाटिका में क्रमिक अनशन रविवार को 21वें दिन भी जारी रखा। धरना स्थल पर कुलदीप सिंह, विनोद कुमार, संजीव कुमार, धर्मेंद्र शेरावत को हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिला प्रधान रमेश कुमार, कर्मचारी संघ के जिला प्रधान कौशल यादव, राज्य सचिव महेंद्र बोयत, संघर्ष समिति के जिला प्रेस सचिव चेतराम ने माला पहनाकर अनशन पर बैठाया।
संघर्ष समिति के ब्लॉक नारनौल प्रधान महेंद्र सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि सरकार जायज मांग को तुरंत माने। अगर सरकार हमारी मांग नहीं मानती है तो आने वाले बरोदा उपचुनाव में सरकार की पोल खोलने का काम करेंगे।
सर्व कर्मचारी संघ के राज्य सचिव महेंद्र सिंह बोयत व जिला सचिव महेश यादव ने कहा कि सरकार अपनी हठधर्मिता छोड़े और 1983 परिवारों का घर बसाने का काम करें ना कि उनके घर उजाड़ने का। ग्रामीण सफाई कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान कामरेड सुभाष, जिला महासचिव महेंद्र सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों सफाई कर्मचारी समर्थन देने पहुंचे। कामरेड सुभाष और महेंद्र सिंह ने कहा कि इस आंदोलन में ग्रामीण सफाई कर्मचारी तन मन धन से समर्थन करते हैं और सरकार से मांग करते हैं कि पीटीआई अध्यापकों की सेवाएं बहाल की जाएं। अगर सरकार इनकी सेवाएं बहाल नहीं की तो ग्रामीण सफाई कर्मचारी भी अपना काम छोड़कर इनके साथ आंदोलन पर बैठ जाएंगे।
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिला प्रधान रमेश कुमार ने कहा कि 6 तारीख को कैबिनेट की मीटिंग में 1983 पीटीआई अध्यापकों की सेवा बहाली का प्रस्ताव पास करे व विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर कानून बनाकर पीटीआई अध्यापकों की नौकरी सुरक्षित करे।अगर सरकार समय रहते इन पीटीआई अध्यापकों की सेवाएं बहाल नहीं करती है तो सभी कर्मचारी यूनियनें बीजेपी और जेजेपी के जनप्रतिनिधियों का घेराव करने से भी पीछे नहीं हटेंगी।
संघर्ष समिति के राज्य सदस्य हुनेश कुमार ने कहा कि 1983 पीटीआई अध्यापकों को सरकार ने राजनीतिक द्वेष से हटाया है। सरकार चाहे बोर्ड के खिलाफ जांच करे या उनके खिलाफ केस दर्ज करवाए, लेकिन पहले सेवाओं को जल्द बहाल करें। अगर सरकार समय रहते पीटीआई अध्यापकों को बहाल नहीं किया तो सपरिवार अनशन पर बैठेंगे। संघर्ष समिति के जिला प्रधान आशीष यादव ने कहा कि सरकार पीटीआई शिक्षकों की सेवाएं पुन: बहाल करे अन्यथा सरकार के खिलाफ बड़ा जन आंदोलन शुरू करेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3f3EXYO
कोई टिप्पणी नहीं