https://ift.tt/2AhAPp3 महिला आयोग ने सुल्तान सिंह से पूछा जहां-जहां पोस्टिंग रहे क्या वहां कोई मामला दर्ज हुआ या नहीं?
5 जून को भाजपा नेत्री सोनाली फोगाट द्वारा हिसार मार्केट कमेटी के सेक्रेटरी सुल्तान सिंह को पहले थप्पड़ और फिर चप्पल से मारने के मामले में महिला आयोग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरुवार को हरियाणा महिला आयोग के सम्मन पर सेक्रेटरी सुल्तान सिंह अपना पक्ष रखने के लिए पंचकूला पहुंचे। बंद कमरे में सुल्तान सिंह से काफी देर तक महिला आयोग की चेयरपर्सन प्रतिभा सुमन ने पूछताछ की। इस दौरान सुल्तान सिंह ने भी सोनाली फोगाट के खिलाफ सुबूत पेश किए हैं। सुल्तान सिंह अपनी बात पर अब भी कायम हैं कि उनकी इससे पहले सोनाली फोगाट से कोई बातचीत नहीं हुई। इसी बात को लेकर उन्होंने अपना पक्ष मजबूती से रखा है। सुल्तान सिंह ने कहा कि उन्हें कोर्ट और महिला आयोग से पूरा न्याय मिलने की उम्मीद है।
महिला आयोग ने सु्लतान सिंह से मांगा एफिडेविट
इस मामले पर जानकारी देते हुए हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन प्रतिभा सुमन ने बताया कि सोनाली फोगाट की शिकायत पर सुल्तान सिंह को अपने बयान दर्ज करवाने के लिए बुलाया गया था। सुल्तान सिंह ने अपना पक्ष महिला आयोग के आगे रखा है। इस पूरे प्रकरण में कौन ठीक है और कौन गलत यह जांच का विषय है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने जब सुल्तान सिंह से यह पूछा कि जहां-जहां पर भी आप की पोस्टिंग रही है क्या वहां पर आप के खिलाफ कोई मामला दर्ज हुआ है या नहीं? इसको लेकर आप एफिडेविट हरियाणा राज्य महिला आयोग को दें। इस पर सुल्तान सिंह ने तुरंत प्रभाव से एफिडेविट देने से मना कर दिया लेकिन बाद में उन्होंने स्वीकार किया कि अगली बार जब वो आएंगे तो वह अपने वकील से सलाह करके एफिडेविट लेकर आएंगे।
एक दिन पहले सोनाली फोगाट ने रखा था अपना पक्ष
एक दिन पहले बुधवार को सोनाली फोगाट भी महिला आयोग में अपना पक्ष रखा था। वे भी पंचकूला पहुंची हुई थी। सोनाली फोगाट ने यहां सुल्तान सिंह के खिलाफ अॉडियो और दूसरे सुबूत पेश किए थे। उन्होंने कई दूसरी महिलाओं के सुबूत भी पेश गिए थे, जिन्होंने सुल्तान सिंह पर अलग-अलग आरोप लगाए थे।
इधर सुल्तान सिंह के पक्ष में खाप ने दिया अल्टीमेटम
बुधवार को इस मामले को लेकर बिनैन खाप ने दनौदा गांव में बैठक की। यहां पहुंचे सेक्रेटरी सुल्तान सिंह ने कहा कि उन पर इस मामले में समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। भरी पंचायत में खड़े सुल्तान सिंह ने कहा कि मेरी सोनाली से पहले कभी कोई बात नहीं हुई। अगर मेरी गलती हो तो मैं पंचायत में कहता हूं कि मेरी गर्दन उतार देना। मेरे को फांसी पर लटका देना।
मीटिंग में खाप ने निर्णय लिया कि अगर 15 जून तक सोनाली की गिरफ्तारी नहीं होती है तो शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए सक्रेटरी के गांव सच्चा खेड़ा में बैठक कर आगामी रणनीति बनाई जाएगी। बिनैन खाप 12 जून को हिसार के एसपी व डीसी से मुलाकात करेगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3hgYZAl
कोई टिप्पणी नहीं